ईरान के विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने सीरिया की राजधानी दमिश्क़ में राष्ट्रपति बशार असद से मुलाक़ात की है।
बुधवार को ज़रीफ़ लेबनान की राजधानी बेरूत से दमिश्क़ पहुंचे। ईरान और गुट पांच धन एक के बीच, वियना में परमाणु समझौते के बाद, ईरानी विदेश मंत्री क्षेत्रीय देशों के अपने दूसरे दौरे पर हैं। दमिश्क़ पहुंचने पर सीरिया के उप विदेश मंत्री फ़ैसल मिक़दाद ने ज़रीफ़ का स्वागत किया था। दमिश्क़ की अपनी यात्रा के दौरान, जवाद ज़रीफ़ अपने सीरियाई समकक्ष वलीद अल-मोअल्लिम से भी मुलाक़ात करेंगे। सीरिया से पहले ज़रीफ़ ने लेबनान की दो दिवसीय यात्रा की, जहां उन्होंने लेबनान के प्रधान मंत्री तम्माम सलाम, रक्षा मंत्री समीर मोक़बेल और अपने समकक्ष गेब्रान बासिल के साथ परस्पर एवं ताज़ा क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विचार विमर्श किया।
ईरान के विदेश मंत्री ने बेरूत की अपनी यात्रा के दौरान, हिज़्बुल्लाह प्रमुख हसन नसरुल्लाह से भी मुलाक़ात की।
सीरिया की यात्रा के बाद, जवाद ज़रीफ़ पाकिस्तान और भारत का दौरा करेंगे।